एशियाई खेलों के लिए नहीं चुने जाने से मिली प्रेरणा : मंदीप

नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। सुल्तान अजलान शाह कप के लिए घोषित भारतीय हॉकी टीम में शामिल किए गए मंदीप सिंह ने गुरुवार को कहा कि पिछले साल एशियाई खेलों के लिए टीम में जगह न मिलने के बाद वह राष्ट्रीय टीम में वापसी करने के लिए प्रेरित हुए।

भारत की 18 सदस्यीय हॉकी टीम की घोषणा बुधवार को की गई। अजलान शाह कप मलेशिया के इपोह में पांच से 12 अप्रैल के बीच आयोजित होना है। यह भारतीय टीम के नए नियुक्त कोच पॉल वैन एस के लिए भी पहला टूर्नामेंट होगा।

मंदीप ने कहा, “मैं पिछले साल जून में आयोजित विश्व कप टीम का सदस्य था लेकिन उसके बाद से लगातार कई अहम प्रतियोगिताओं से बाहर रहा। एशियाई खेलों के लिए घोषित टीम में शामिल नहीं किए जाने पर मैंने हार नहीं मानी और अपनी कमियों पर काम करना शुरू किया।”

मंदीप को एशियाई खेलों के बाद हुए आस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया लेकिन चैम्पियंस ट्रॉफी टीम में वह एक बार फिर अपनी जगह बचाने में नाकाम रहे।

हीरो हॉकी लीग-2015 में हालांकि मंदीप ने अपने आक्रामक और तेज खेल से बेहद प्रभावित किया और आस्ट्रेलिया के ट्रेंट मिल्टन तथा न्यूजीलैंड के निकोलस विल्सन के साथ खेलते हुए उन्होंने रांची रेज को चैम्पियन बनाने में अहम भूमिक निभाई। इसी प्रदर्शन के बाद उनकी वापसी संभव हो सकी।

सरदार सिंह के नेतृत्व में भारतीय टीम अजलान शाह कप में आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और कनाडा का मुकाबला करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493