एशियाई खेल (निशानेबाजी) : संजीव के हिस्से रजत (लीड-1)

जकार्ता, 21 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय निशानेबाज संजीव राजपूत ने मंगलवार को यहां 18वें एशियाई खेलों में पुरुषों की 50 मीटर राइफल-3 पोजिशन स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया।

संजीव ने 452.7 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल कर रजत पर कब्जा जमाया।

भारतीय निशानेबाज संजीव का यह एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में जीता गया पहला पदक है।

चीन के हुई जिचेंग ने 453.3 का स्कोर कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं जापान के ताकायुकी माटसुमोटो को कांस्य पदक मिला। जापानी खिलाड़ी ने 441.4 का स्कोर किया।

37 साल के संजीव ने नीलिंग और प्रोन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। स्टैंडिंग राउंड में हालांकि वह संघर्ष करते हुए दिखे और यही कारण रहा कि वह स्वर्ण पदक नहीं जीत पाए।

राजपूत ने नीलिंग की तीसरी सीरीज में 7.8 का स्कोर किया और कुल 151.2 के स्कोर के साथ पहले स्थान पर रहे।

प्रोन में राजपूत ने लगातार 10 अंक के निशाने लगाए और शुरू से ही आगे रहे। 30 शॉट में उनका कुल स्कोर 307.1 रहा।

स्टैंडिंग पोजीशन में राजपूत ने पहली सीरीज में 355.6 का स्कोर किया लेकिन जिचेंग ने उन्हें पछाड़ दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493