जकार्ता, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की मिश्रित और पुरुष टीम ने 18वें एशियाई खेलों के सातवें दिन शनिवार को ब्रिज (ताश) स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
इसके साथ ही भारत के दो और कांस्य पदक पक्के हो गए हैं।
किरण नादर, सत्यनारायाण बाजीराजु, हेमा देवरा, गोपीनाथ मन्ना, हिमानी खंडेलवाल और राजीव खंडेलवाल की मिश्रित टीम ने अपने राउंड-रोबिन मैच में पहला स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का लिया।
सेमीफाइनल में भारतीय मिश्रित टीम का सामना थाईलैंड से होगा।
वहीं जग्गी शिवदासनी, राजेश्वर तिवारी, सुमित मुखर्जी, देबाब्रता मजुमदार, राजु तोलानी और अजय खाड़े की पुरुष टीम ने राउंड रोबिन मुकाबले में चौथे स्थान पर रहकर अंतिम-4 में अपनी जगह पक्की की।
सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला सिंगापुर से होगा।
ब्रिज को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है और भारत इसमें तेजी से पदक की ओर बढ़ रहा है।
dharmpath.com dharmpath