एशियाई चैम्पियन गणपतराव अंदालकर का निधन

नई दिल्ली, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले पूर्व पहलवान गणपतराव अंदालकर का निधन हो गया।

अंदालकर 83 साल के थे। उनका निधन 16 सितम्बर को हुआ था। अखिल भारतीय खेल परिषद (एआईसीएस) ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

इंडोनेशिया में 1962 में हुए एशियाई खेलों में अंदालकर ने कुश्ती की ग्रीको-रोमन और फ्री स्टाइल के 97 किलो भारवर्ग में क्रमश: स्वर्ण तथा रजत पदक हासिल किए थे।

इसके अलावा, उन्होंने 1964 टोक्यो ओलम्पिक खेलों में भारत की कुश्ती टीम का नेतृत्व किया था। इसी साल उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी नवाजा गया।

कुश्ती में अपना करियर बनाने के लिए महाराष्ट्र के सांगली गांव से कोल्हापुर आए अंदालकर को 1960 में हिंद केसरी खिताब से नवाजा गया था।

एआईसीएस के अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा ने अंदालकर के निधन पर शोक जताते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी सांत्वना प्रकट की।

मल्होत्रा ने कहा, “भगवान अंदालकर की आत्मा को शांति दे और उनके परिवार तथा दोस्तों को इस दुख को सहने की हिम्मत प्रदान करे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493