मीरपुर (ढाका), 3 मार्च (आईएएनएस)। शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे एशिया कप के नौवें मैच में गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भारतीय क्रिकेट टीम के सामने 82 रनों का लक्ष्य रखा है।
यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारत 20 ओवरों में शेमन अनवर (नाबाद 42) की पारी की बदौलत नौ विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाजों की किफायती गेंदबाजी के सामने यूएई की टीम जूझती नजर आई। तेज रन बटोरने के चक्कर में उसके बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते चले गए।
टीम को पहला झटका तीसरे ओवर में लगा, उस समय टीम का कुल स्कोर एक रन ही था। स्वप्निल पाटिल (1) को भुवनेश्वर कुमार ने अपनी ही गेंद पर कैच कर पवेलियन भेजा।
इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टीम के दो ही बल्लेबाज दहाई के आंकड़े में पहुंच सके। अनवर के अलावा रोहन मुस्तफा ने 11 रनों का योगदान दिया।
भारत की तरफ से सबसे ज्यादा दो विकेट भुवनेश्वर ने लिए।
dharmpath.com dharmpath