मीरपुर (ढाका), 6 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश के साथ जारी एशिया कप के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
बारिश के चलते मैच देरी से शुरु हुआ जिसके कारण नियमों में बदलाव किया गया है। मैच 20 ओवरों की जगह अब 15 ओवरों का होगा और एक गेंदबाज अधिक-से-अधिक तीन ओवर ही फेंक सकेगा।
भारतीय टीम में तीन बदलाव किए गए हैं। आशीष नेहरा, रविचन्द्रन अश्विन और रविन्द्र जडेजा की टीम में वापसी की है।
लगातार चार जीत दर्ज कर शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम एशिया कप में छठा खिताब जीतने का प्रयास करेगी।
पहली बार टी-20 फारमेट में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारत ने अब तक अपने सभी चार मैच जीते हैं। युवा जोश और अनुभव से सजी यह भारतीय टीम खिताबी जीत के साथ भारत में ही 15 मार्च से शुरू हो रहे आईसीसी टी-20 विश्व कप में ऊंचे मनोबल के साथ खेलना चाहेगी।
बांग्लादेश दूसरी बार एशिया कप का फाइनल खेल रहा है। उसकी कोशिश पहली बार की कसक पूरी करने की होगी। इससे पहले बांग्लादेश 2012 में पाकिस्तान से एशिया कप के फाइनल में हार गया था।
भारत पांच बार इस खिताब को अपने नाम कर चुका है और वह चाहेगा कि छठी बार खिताब अपने नाम करे। भारत और श्रीलंका पांच-पांच बार एशिया कप जीत चुके हैं।
टीमें :
भारत : महेन्द्र सिंह धौनी (कप्तान), विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, युवराज सिंह, सुरेश रैना, रविन्द्र जडेजा, हार्दिक पांड्या, रविचन्द्रन अश्विन, आशीष नेहरा, जसप्रीत बुमराह।
बांग्लादेश : मशरफे बिन मुर्तजा (कप्तान), शाकिब-अल-हसन, सौम्य सरकार, मुश्फिकुर रहीम, मोहम्दुल्लाह, शब्बीर रहमान, तमीम इकबाल, अल-अमीन हुसैन, नासिर हुसैन, तस्कीन एहमद, अबु हैदर।
dharmpath.com dharmpath