चेन्नई, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। जापान के राइडर युकी इटो ने एशिया रोड रेसिंग चैम्पियनशिप के 600 सीसी वर्ग में खिताबी जीत हासिल की है।
इस टूर्नामेंट का आयोजन मद्रास मोटर स्पोर्ट्स क्लब द्वारा किया गया, जिसका समापन रविवार को एमएमआरटी ट्रैक पर हुआ।
इस रेस में होंडा के भारतीय राइडर शंकर सरथ कुमार को 13वां स्थान प्राप्त हुआ।
इससे पहले, यामाहा के इंडोनेशियाई राइडर गालांग हेंद्रा प्रातमा ने एशिया प्रोडक्शन 250सीसी में जीत हासिल की।
इस रेस के दौरान बारिश ने बाधा भी डाली थी। इस कारण इस पर रेसिंग थोड़ी मुश्किल थी, लेकिन इंडोनेशियाईराइडर ने अपनी गति पर नियंत्रण बनाए रखा और जीत हासिल की।
इस वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे एकमात्र राइडर राजीव सेठी पांच लैप्स के बाद रिटायर्ड होकर रेस से बाहर हो गए।
इसके अलावा, 150सीसी वर्ग में मलेशिया के राइडर अजरॉय हकीम अनुआर ने जीत हासिल की।
एमएमएससी वन-मेक चैम्पियनशिप सपोर्ट रेस में रांची के अमित रिचर्ड टोपनो ने होंडा सीबीआर 250 वर्ग में पहला स्थान हासिल किया, वहीं टीवीएस अपाची 200 वर्ग में एस. सिवानेसान ने जीत हासिल की। हालांकि इन जीतों का किताबी महत्व ही है क्योंकि इनमें औपचारिक खिताब का फैसला पहले ही हो चुका था।
dharmpath.com dharmpath