कोलकाता, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) 14 छात्राओं का निष्कासन रद्द करने पर सहमत हो गया है। यह जानकारी संस्थान निदेशक ने दी, लेकिन साथ ही कहा कि यह बिना शर्त नहीं है।
छात्र-छात्राओं ने निष्कासन को बिना शर्त रद्द करने को लेकर दबाव बनाने के लिए 28 अक्टूबर से हड़ताल शुरू की थी।
संस्थान की निदेशक देबामित्रा मित्रा ने आईएएनएस को बताया, “संस्थान सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। निष्कासन का आदेश रद्द कर दिया गया है, लेकिन बिना शर्त नहीं। इसमें कुछ हल्की चेतावनी भी शामिल है। निष्कासन रद्द करने का आदेश सिर्फ तभी जारी होगा जब लड़कियां अपने छात्रावास में चली जाएंगी और लड़के अपने कमरों में चले जाएंगे।”
पुराने छात्रावास को खाली कर परिसर के नए केवल छात्राओं के लिए छात्रावास में जाने से मना कर देने पर छात्राओं को निष्कासित कर दिया गया था। इस फैसले के विरोध में 17 अक्टूबर से छात्र-छात्राओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था।
dharmpath.com dharmpath