एसपीएमएल इंफ्रा को 1,275 करोड़ रुपये के 3 ठेके मिले

गुड़गांव, 14 जुलाई (आईएएनएस)। टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के संयुक्त उपक्रम एसपीएमएल इंफ्रा लिमिटेड को तीन प्रमुख नए ठेके मिले हैं, जिनके तहत सीवरेज प्रणाली का डिजाइन एवं निर्माण किया जाएगा और राजस्थान अर्बन ड्रिंकिंग वाटर सीवरेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर (आरयूडीएसआईसीओ) द्वारा अपशिष्ट जल को उपचारित कर राजस्थान के 11 शहरों को इसकी आपूर्ति की जाएगी।

ये ठेके कुल 1275 करोड़ रुपये के हैं। ये परियोजनाएं सीवरेज ट्रीटमेंट परियोजनाओं के विकेंद्रीकरण के लिए परिकल्पित की गई हैं, बिल्कुल उसी प्रकार से जैसे ‘नमामी गंगे’ कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है। उपचारित अपशिष्ट जल का पुन: उपयोग पानी के वैकल्पिक स्रोत के रूप में काम आएगा, वहीं भूजल प्रदूषण संसाधनों में प्रदूषण कम होगा और इससे स्वास्थ्य एवं आर्थिक उत्पादकता सुधरेगी।

पहला ठेका 480 करोड़ रुपये का है जिसके तहत भरतपुर, गंगापुर, हिन्डौन और चूरू शहरों में सीवरेज प्रणाली में सुधार किया जाएगा। दूसरा ठेका 417 करोड़ रुपये का है जिसके तहत उदयपुर, नागौर, सूरजगढ़ और बारां में पूरा किया जाएगा। वहीं, तीसरा ठेका 378 करोड़ रुपये का है जिससे चित्तौड़गढ़, ब्यावर और बूंदी शहरों की सीवरेज प्रणाली का विकास किया जाएगा।

इन तीनों परियोजनाओं में डिजाइन, निर्माण एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (एसटीपीएस) एवं सीवेज पंपिंग स्टेशंस (एसपीएस) की स्थापना के साथ ही सीवर नेटवर्क में सुधार शामिल है। यह सभी कार्य 24 माह के भीतर पूरे करने होंगे तथा 10 वर्षो तक इनका परिचालन एवं संधारण करना होगा। इन परियोजनओं में 34 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जिनकी क्षमता 74.4 एमएलडी होगी। अपशिष्ट जल का उपचार उच्च स्तरीय उपचार दक्षता के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी के माध्यम से किया जाएगा।

एसपीएमएल इंफ्रा के कार्यकारी निदेशक ऋषभ सेठी ने कहा, “यह महत्वपूर्ण है कि राजस्थान सरकार ने अपशिष्ट जलोपचार की परियोजनाओं के लिए पहल की है तथा इसके पुन: उपयोग से इन शहरों में प्रदूषण में कमी आएगी।”

उन्होंने कहा, “एसपीएमएल को इन सुधार योजनाओं का एक हिस्सा बनने पर काफी गर्व हो रहा है, जिसमें अपशिष्ट जल का उपचार कर उसका पुन: उपयोग किया जाएगा एवं इसे इन्फ्रास्ट्रक्चर में प्रयुक्त किया जाएगा, जो पानी को पीने योग्य बनाने के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इन ठेकों से हमारी जल एवं अपशिष्ट जल संरचना क्षेत्र में विशेषज्ञता परिलक्षित होती है हमें पूरा विश्वास है कि हम अपने ग्राहक की आवश्यकता के अनुसार इसे पूरा कर सकेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493