नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। ऐश्वर्य राय बच्चन का कान्स फिल्मोत्सव से मेलजोल उनकी फिल्म ‘देवदास’ से शुरू हुआ था। इस फिल्मोत्सव व उनके इस मेल को इस साल 15 साल पूरे हो जाएंगे। ऐश्वर्य का कहना है कि उन्होंने अभी भी पहली बार कान्स फिल्मोत्सव में जाने की यादें संजोकर रखी हैं और ये ‘यादें उनसे कोई नहीं छीन’ सकता।
‘देवदास’ में शाहरुख खान ने देवदास, ऐश्वर्य ने पारो और माधुरी दीक्षित ने चंद्रमुखी की भूमिका निभाई थी।
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी यह फिल्म नृत्य, मधुर संगीत से सजी एक दु:खद प्रेम कहानी है।
यह पूछे जाने पर कि समय के साथ अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सवों में भारतीय फिल्मों के प्रति नजरिया कैसे बदला है? ऐश्वर्य ने कहा, “मैं नहीं जानती कि मैं इसे कितना रेखंकित या प्रमाणित कर सकती हूं, लेकिन मैं निश्चित रूप से कहना चाहूंगी कि मेरा पहला अनुभव वास्तव में यादगार और बेहद खास था।”
कान्स फिल्मोत्सव 11 से 21 मई तक आयोजित होना है।
इस दौरान ऐश्वर्य 13 और 14 मई को रेड कार्पेट पर जलवा बिखेरेंगी।
ऐश्वर्या की ‘सरबजीत’ फिल्म जल्द रिलीज होने वाली है।
dharmpath.com dharmpath