ऑनर का ड्युअल लेंस स्मार्टफोन लांच

नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। हुवेई के स्मार्टफोन ई-ब्रांड ऑनर ने बुधवार को ड्युअल लेंस स्मार्टफोन ऑनर 6एक्स भारतीय बाजार में उतारा। कंपनी ने कहा कि ऑनर 6एक्स उन ग्राहकों के लिए है, जो किफायती दामों में अत्याधुनिक विशेषताओं जैसे ड्युअल लेंस कैमरा, दमदार परफॉर्मेंस और एक्सटेंडेड बैटरी लाइफ की चाहत रखते हैं।

कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा कि इस स्मार्टफोन की कीमत 12,999 रुपये है और इसमें किफायती मूल्य में सर्वश्रेष्ठ खूबियों का समावेश है। ऑनर 6एक्स को भारत के युवा ग्राहकों को इंटरनेट के शानदार अनुभव के साथ शक्तिशाली और श्रेष्ठतम विशेषताएं प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें 5.5 इंच का फुल एचडी डिस्प्ले, फुल मेटल स्लिम बॉडी (8.2 मिमी. मोटी), 2.5डी ग्लास तथा पीछे की ओर कव्र्ड पैनल है।

बयान के अनुसार, इस स्मार्टफोन में भारतीय उपभोक्ताओं के लिए 14 भारतीय भाषाओं (हिंदी, बंगाली, तेलुगू, मराठी, तमिल, उर्दू, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, उड़िया, पंजाबी, असमी, मैथिली तथा नेपाली) में ईएमयूआई उपलब्ध कराया गया है। यह एक एसओएस बटन के साथ आता है, जो आपात स्थिति में इमरजेंसी बटन की तरह काम करता है, तथा पहले से निर्धारित किए गए नंबरों पर एसएमएस भेजकर स्थान की जानकारी भी प्रदान करता है। इसका उत्पादन फरवरी से चेन्नई की निर्माण इकाई में किया जाएगा।

हुवेई इंडिया के अध्यक्ष (उपभोक्ता कारोबार समूह) पीटर झाई ने बताया, “ऑनर 6एक्स उन ग्राहकों के लिए बनाया गया है, जो परफॉर्मेंस से कोई समझौता नहीं करते। यह किफायती कीमत में सर्वश्रेष्ठ खूबियां प्रदान करता है। हमने ऑनर 6एक्स को भारत के युवाओं और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493