पेरिस, 14 जून (आईएएनएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों ने मंगलवार को घोषणा की कि ऑनलाइन आतंकवादी खतरे से निपटने के लिए उनका देश तथा ब्रिटेन एक संयुक्त कार्ययोजना की शुरुआत करेंगे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, फ्रांस दौरे पर आईं ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे के साथ एलिसी पैलेस में बातचीत के बाद मैक्रों ने कहा कि दोनों देश आतंकवादरोधी सहयोग को मजबूत करने को बचनबद्ध हैं।
दोनों नेताओं ने उस पहल पर सहमति जताई है, जिसमें प्रौद्योगिकी कंपनियों पर ऑनलाइन कट्टरवाद से निपटने की सामाजिक जिम्मेदारियों का पालन करने के लिए दबाव बनाना और अगर वे अस्वीकार्य सामग्री को हटाने में नाकाम साबित होते हैं, तो प्रौद्योगिकी कंपनियों के लिए एक नया कानून बनाना शामिल है।
थेरेसा मे ने कहा, “आतंकवाद की निंदा तथा इस बुराई को खत्म करने की प्रतिबद्धता को लेकर हम पूरी तरह एकजुट हैं।”
इंटरनेट विनियमन को कड़ा करने की मे की रणनीति की लिबरल डेमोक्रेट के नेता टिम फारोन सहित कई कैंपेनरों ने आलोचना करते हुए कहा है कि मे की योजना से वेब के निगरानी तथा सेंसरशिप का एक औजार बन जाने का जोखिम है।
पिछले सप्ताह संसदीय चुनाव में उनकी पार्टी की हार के बाद मे का यह पहला विदेश दौरा है।
एलिसी के एक अधिकारी ने कहा कि मैक्रों तथा मे की वार्ता सुरक्षा मुद्दों पर केंद्रित थी, जिसका आधार द्विपक्षीय और यूरोपीय दोनों था।
dharmpath.com dharmpath