ऑल इंग्लैंड ओपन : लिन डान अंतिम आठ में, ज्यूरेई बाहर (लीड-1)

बर्मिघम, 6 मार्च (आईएएनएस)। पांच बार के विश्व चैम्पियन चीन के लिन डान ने हमवतन तियान होउ को हराकर ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप के पुरुष एकल वर्ग के अंतिम आठ में जगह बना ली है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार दो बार के ओलंपिक चैम्पियन डान ने गुरुवार की रात 23 वर्षीय तियान को 21-15, 21-19 से हराया।

जीत के बाद 31 वर्षीय लिन ने कहा, “कोई भी ऐसे खिलाड़ी से प्रारंभिक दौर में नहीं भिड़ना चाहता। होउ ने अच्छा खेल दिखाया लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने खुद पर जरूरत से ज्यादा दबाव ले लिया था।”

एक समय, दूसरे गेम में 3-6 से पिछड़ रहे तियान ने लगातार छह अंक अर्जित किए और 9-6 की बढ़त बना ली। इस बीच दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष जारी रहा और स्कोर एक समय 18-18 की बराबरी तक पहुंच गया। यहां हालांकि डान ने अपने प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं देते हुए 21-19 से जीत दर्ज कर ली।

एक अन्य मैच में पिछले बार के उपविजेता शीर्ष वरीय चेन लोंग ने चीनी ताइपे के ह्सु जेन हाओ को एकतरफा मुकाबले में 21-7, 21-9 से हराया।

पांचवें वरीय डान अब क्वार्टर फाइनल में जापान के केंटो मोमोटो से भिड़ेंगे। वहीं, चेन चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन को चुनौती पेश करेंगे।

महिला एकल वर्ग में शीर्ष वरीय चीन की ली ज्यूरेई को हमवतन सुन युन ने 21-13, 21-13 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

मैच के बाद ली ने कहा, “मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश की लेकिन ऐसा लगता है कि पैर की चोट से मैं अभी पूरी तरह उबर नहीं सकी हूं। मैंने केवल दो हफ्ते पहले ही दोबारा अभ्यास करना शुरू किया था।”

दूसरी वरीय चीन की शिजियान वांग भी दक्षिण कोरिया री बाए येओन जु को 21-12, 13-21, 21-9 से हराने में कामयाब रहीं।

छठी वरीय और विश्व चैम्पियन स्पेन की कारोलिना मैरिन भी अंतिम आठ में जगह बनाने में सफल रहीं। उन्होंने थाईलैंड की बी. पोर्नटिप को 21-10, 21-16 से हराया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493