ऑल स्टार्स सीरीज : वार्न की टीम ने सचिन ब्लास्टर्स का सूपड़ा साफ किया

लास एंजेलिस, 15 नवंबर (आईएएनएस)। शेन वार्न की कप्तानी में खेल रही वार्न्‍स वॉरियर्स टीम ने शनिवार को डॉजर स्टेडियम में खेले गए ऑल स्टार्स टी-20 सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले में सचिन्स ब्लास्टर्स टीम को चार विकेट से हरा दिया।

इसके साथ ही वार्न की टीम ने तीन मैचों की इस सीरीज को 3-0 से जीत लिया। वार्न की टीम ने इससे पहले ह्यूसटन और न्यूयार्क में भी जीत हासिल की थी।

सचिन्स ब्लास्टर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 216 रन बनाए। इसमें कप्तान सचिन के 56, माहेला जयवर्धने के 41, सौरव गांगुली के 50 और कार्ल हूपर के नाबाद 33 रन शामिल हैं।

वीरेंद्र सहवाग ने भी 15 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रनों की पारी खेली। सचिन ने 27 गेंदों पर दो चौके और छह छक्के लगाए। जयवर्धने ने 18 गेंदों की पारी में दो चौके और चार छक्के जड़े।

सीरीज में दूसरा मैच खेल रहे गांगुली ने 37 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के लगाए जबकि हूपर ने 22 गेंदों पर तीन छक्के और एक चौका लगाया।

वार्न की टीम की ओर से डेनियल विटोरी ने 33 रन देकर तीन विकेट लिए।

जवाब में खेलते हुए वार्न की टीम ने 19.5 ओवरों में छह विकेट पर 224 रन बनाकर मैच जीत लिया। कुमार संगकारा ने 42, रिकी पोंटिग ने नाबाद 43 और जैक्स कैलिस ने 47 रन बनाए। एंड्रयू सायमंड्स के बल्ले से 31 रन निकले।

कैलिस को मैन ऑफ द मैच चुना गया जबकि इस सीरीज में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए कुमार संगकारा को मैन ऑफ द सीरीज खिताब से नवाजा गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493