कैनबरा, 20 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने कानून में उत्सर्जन घटाने का लक्ष्य निर्धारित करने की योजना छोड़ दी है।
टर्नबुल ने कहा कि वह उत्सर्जन लक्ष्य के साथ आगे नहीं बढ़ेंगे, क्योंकि इसकी हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के माध्यम से गुजरने की कोई संभावना नहीं है, जहां उनके पास बहुत ही कम बहुमत है। यह लक्ष्य उनकी राष्ट्रीय ऊर्जा गारंटी (एनईजी) का हिस्सा है।
बीबीसी के मुताबिक, उन्होंने कहा कि एनईजी को अभी भी बिजली खुदरा विक्रेताओं द्वारा अपनी कीमतों को नियंत्रित करने और ऊर्जा के अधिक विश्वसनीय साधन मुहैया कराने की जरूरत है। इस निराशा के बावजूद राष्ट्र अपने पेरिस जलवायु समझौते की प्रतिबद्धताओं को पूरा करना जारी रखेगा।
टर्नबुल ने कहा, “जब बात ऊर्जा नीति की आती है तो हमेशा सस्ती बिजली हमारी पहली प्राथमिकता रही है।”
कानून में तय मूल प्रतिबद्धता में ऑस्ट्रेलिया ने 2005 के स्तर के आधार पर 2030 तक उत्सर्जन में 26 फीसदी की कटौती का संकल्प लिया था।
टर्नबुल का यू-टर्न उनकी महत्वाकांक्षी ऊर्जा नीति के एक प्रमुख हिस्से में बदलाव करता है और यह उनकी सरकार के भीतर कंजरवेटिव सांसदों द्वारा विद्रोह के बाद हुआ है। उन्होंने कहा कि जलवायु नीति को उनके सभी साथियों का समर्थन नहीं है।
dharmpath.com dharmpath