कैनबरा, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया में 12 साल का एक लड़का अपने माता-पिता द्वारा बाली की यात्रा रद्द कर दिए जाने पर विवाद के बाद अकेले ही इंडोनेशिया के बाली पहुंच गया।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने कहा कि वे मामले की परिस्थितियों की समीक्षा करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस तरह की घटनाएं फिर न हों।
पुलिस ने लड़के की बाली में मौजूदगी को लेकर 17 मार्च को अलर्ट किया था। लड़के को उसके माता-पिता से मिलाने से पहले उसे सुरक्षा हिरासत में लिया गया था।
सिडनी के रहने वाले लड़के ने अपने माता-पिता के क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन उड़ान बुक कराई थी। उसने अपने स्कूल आईडी कार्ड व पासपोर्ट पेश कर बाली के लिए उड़ान भरी।
उसने पर्थ के लिए उड़ान भरने के लिए सिडनी में एक टर्मिनल में चेक इन का इस्तेमाल किया और फिर बाली पहुंचा।
बीबीसी के मुताबिक, लड़के ने कहा कि पर्थ में एयरलाइन अधिकारियों ने उससे एक बार पूछताछ की।
उसने कहा, “उन्होंने मुझसे सिर्फ मेरा छात्र आईडी व पासपोर्ट के बारे में पूछा, ताकि साबित हो कि मैं 12 साल से ज्यादा उम्र का व माध्यमिक स्कूल में हूं।”
लड़के ने कहा, “यह बेहद अच्छा था, क्योंकि मैं साहसिक काम पर जाना चाहता था।”
ऑस्ट्रेलिया की सभी एयरलाइनों में ऐसी प्रक्रिया है कि वह नाबालिगों को अपने आप यात्रा करने देने की अनुमति देती हैं, लेकिन जरूरत के मुताबिक।
dharmpath.com dharmpath