कैनबरा, 31 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया में चक्रवात डेबी के कारण आए भीषण तूफान और बाढ़ के चलते बचाव कार्य में रुकावटें आ रही हैं। प्रशासन ने शुक्रवार को आशंका जताई कि स्थानीय निवासी बाढ़ में फंस सकते हैं।
बढ़ते ज्वार ने लिस्मोर, मुरविल्लम्बाह, ट्वीड्स हेड और लोगान जैसे शहरों और टूरिस्ट हब गोल्ड कोस्ट को प्रभावित किया है।
न्यू साउथ वेल्स स्टेट इमरजेंसी के सर्विसेज कंट्रोलर इयान लेकी ने एबीसी नेटवर्क से कहा, “लोग छतों पर चढ़े हुए हैं, कुछ लोग वाहनों में फंसे हुए हैं। यह एक गंभीर आपदा है।”
आपातकालीन सेवाओं को नाव के जरिए प्रभावित स्थानों तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि न्यू साउथ वेल्स के उत्तरी तट पर 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है।
न्यू साउथ वेल्स के करीब 10,000 घरों की बिजली गुल हो गई है।
प्रशासन चक्रवात के कारण होने वाले आर्थिक प्रभाव का आकलन कर रहा है। इंश्योरेंस काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया ने इसे एक आपदा घोषित किया है।
डेबी 2011 में आए यासी के बाद ऑस्ट्रेलिया में आने वाला सबसे भयंकर चक्रवात है।
dharmpath.com dharmpath