भुवनेश्वर, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। ओडिशा सरकार ने अगस्त तक 13,500 एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम) इकाइयों को स्थापित किया है, जिससे 42,190 लोगों को रोजगार मिला है।
सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम सचिव एल. एन. गुप्ता ने कहा कि उनके विभाग ने चालू वित्त वर्ष में 13,500 एमएसएमई इकाइयों की स्थापना कर ली है, जबकि लक्ष्य 40,000 इकाइयों का रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इन एमएसएमई इकाइयों से करीब दो लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
सरकार ने साल 2015 से 2019 तक एमएसएमई क्षेत्र में 1.5 लाख इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य रखा है, जिससे चार लाख रोजगार पैदा होंगे।
गुप्ता ने बताया कि युवाओं को एमएसएमई इकाइयों के प्रति प्रेरित करने के लिए वर्तमान वित्त वर्ष 2016-17 के बाकी महीनों में राज्य भर में 180 संवेदीकरण कार्यक्रम चलाने की योजना बनाई गई है।
विभाग ने इसके अलावा सूक्ष्म एवं लघु उद्यम क्लस्टर विकास कार्यक्रम (एमएसइसीडीपी) के 12 क्लस्टरों को तेजी से स्थापित करने का फैसला किया है।
dharmpath.com dharmpath