पनामा सिटी, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनके क्यूबाई समकक्ष राउल कास्त्रो शनिवार को मुलाकात करेंगे।
दोनों नेता इस समय सातवें ऑर्गेनाइजेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट (ओएएस) सम्मेलन में भाग लेने के लिए पनामा सिटी में मौजूद हैं।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, इससे पहले वर्ष 1956 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ड्वाइट आइजनहावर और पूर्व क्यूबाई राष्ट्रपति फुलजेंसियो बतिस्ता ने आखिरी बार मुलाकात की थी। इसके तीन साल बाद राउल के बड़े भाई फिदेल कास्त्रो ने बतिस्ता का तख्तापलट कर उन्हें बर्खास्त कर दिया था।
ओबामा के विदेश नीति सलाहकार बेन रोडेस ने शुक्रवार को बताया, “हमने कोई औपचारिक मुलाकात का समय तय नहीं किया है, लेकिन हमारा अनुमान है कि कल (शनिवार) उनके बीच चर्चा हो सकती है।”
रोडेस ने ओबामा और कास्त्रो के बीच बुधवार को फोन पर हुई बातचीत के संबंध में कहा कि बातचीत का केंद्र 50 सालों से भी ज्यादा लंबे समय के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों को सुधारने का प्रयास था।
अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी और क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिग्ज ने भी गुरुवार को पनामा सिटी में 56 सालों बाद उच्च स्तरीय बैठक में हिस्सा लिया।
dharmpath.com dharmpath