ओबामा 9/11 पीड़ितों से संबंधित विधेयक पर वीटो करेंगे

वाशिंगटन, 13 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा उस विधेयक पर वीटो करेंगे, जिसके पारित होने पर 9/11 आतंकवादी हमले के पीड़ितों के परिजनों व हमले में बचे लोगों को सऊदी अरब पर मुकदमा करने की मंजूरी मिल जाएगी। व्हाइट हाउस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह पूछे जाने पर कि क्या राष्ट्रपति की योजना विधेयक पर वीटो लगाने की है, व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जोश अर्नेस्ट ने कहा, “फिलहाल यह योजना है।”

सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने पहले कहा था कि मई में जब इस विधेयक को पहले सीनेट में पारित कर दिया जाएगा, तो ओबामा उस पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे, क्योंकि इससे कूटनीतिक संबंध जटिल होंगे।

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव ने विधेयक को शुक्रवार को ध्वनिमत से पारित कर दिया।

अर्नेस्ट ने विधेयक के खिलाफ सरकार के रुख का बचाव करते हुए कहा, “आतंकवाद से निपटने के लिए यह हमारे लिए एक प्रभावी व सशक्त तरीका नहीं है।”

संभावना जताई जा रही है कि सांसद वीटो के खिलाफ जाएंगे और अगर यह सफल हुआ, तो ओबामा के कार्यकाल में ऐसा पहली बार होगा।

अर्नेस्ट ने कहा कि विधेयक अभी तक ओबामा के पास नहीं पहुंचा है। वीटो लगाने के लिए ओबामा के पास 10 दिनों का समय होगा, अगर इस अवधि के दौरान वे वीटो नहीं लगाते तो विधेयक स्वत: कानून बन जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493