ओम पुरी का दिल के दौरे से निधन (लीड-3)

मुंबई, 6 जनवरी (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता ओम पुरी नहीं रहे। शुक्रवार सुबह अपने घर में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। वह 66 साल के थे। उनके एक पारिवारिक मित्र ने अनुभवी अभिनेता के निधन की पुष्टि की।

दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी ने ट्वीट कर उनके अंतिम संस्कार के बारे में बताया, “ओम पुरी का कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम चल रहा है। उन्हें शाम लगभग छह बजे ओशीवारा इलेक्ट्रिक दाह संस्कार गृह ले जाया जाएगा।”

ओम पुरी की गिनती समानांतर सिनेमा के महारथियों में की जाती है। उन्होंने कई व्यावसायिक फिल्मों में भी काम किया। वह हाल तक फिल्मों में सक्रिय रहे।

फिल्मकार विवेक अग्निहोत्री उन्हें अपनी अगली फिल्म में लेने वाले थे। उन्होंने फोन पर आईएएनएस से कहा, “यह बहुत दुखद समाचार है। ओम पुरी जी का आज सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह अपने घर में थे।”

अग्निहोत्री ने कहा, “भारतीय फिल्म उद्योग में उन्होंने बेहतरीन काम किया। उन्होंने वाणिज्यिक व सामानांतर सिनेमा की कई बेहतरीन फिल्में दीं। हमने एक बड़ी प्रतिभा खो दी।”

ओम पुरी के मित्र अभिनेता अनुपम खेर ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही उनसे बात की थी। ओम पुरी के निधन की खबर से वह सदमे में हैं। उन्हें इस बारे में फिल्मकार अशोक पंडित से पता चला। उन्होंने ओम पुरी को ‘उदार’ बताया।

पद्मश्री और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजे गए ओम पुरी को ब्रिटेन फिल्म जगत में भी अपने योगदान के लिए ब्रिटेन सरकार से ‘ऑनररी ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर’ की उपाधि मिली।

उन्होंने थिएटर, टेलीविजन, भारतीय, ब्रिटेन और अमेरिकी फिल्मों में भी काम किया। वह सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सीआईएनटीएए) के अध्यक्ष और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के पूर्व अध्यक्ष थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेता ओम पुरी के निधन पर शोक जताया।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से शुक्रवार सुबह किए गए ट्वीट के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने ओम पुरी के निधन पर शोक जताया और थिएटर एवं फिल्मों में उनके योगदान को याद किया।

अपनी विशिष्ट अभिनय शैली के लिए पहचाने जाने वाले ओम पुरी का रुझान सामाजिक मुद्दों वाली सिनेमा की ओर अधिक था। उन्हें ‘आक्रोश’, ‘अर्धसत्य’ और ‘धारावी’ जैसी फिल्मों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के पूर्व छात्र ओम पुरी ने ‘मिर्च मसाला’ जैसी कॉमेडी प्रधान फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने इस विधा में ‘जाने भी दो यारों’, ‘चाची 420’, ‘हेरा फेरी’, ‘मालामाल वीकली’ जैसी तमाम फिल्में कीं।

वह ‘कक्काजी कहिन’ और ‘मिस्टर योगी’ जैसे टीवी धारावाहिकों का भी हिस्सा रहे, लेकिन वह टीवी फिल्म ‘तमस’ के लिए खास तौर पर जाने जाते हैं।

ओम पुरी ने फिल्मों के जरिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई। उन्होंने रिचर्ड एटनबरो की फिल्म ‘गांधी’ में मेहमान भूमिका की थी।

उनकी ब्रिटिश फिल्मों में ‘माय सन द फैनेटिक’, ‘ईस्ट इज ईस्ट’ और ‘द पैरोल ऑफिसर’ प्रमुख रूप से शामिल हैं। उन्होंने ‘सिटी ऑफ जॉय’, ‘वुल्फ’ और ‘द घोस्ट एंड द डार्कनेस’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया।

उन्हें साल 1990 में देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

उन्होंने नंदिता पुरी से शादी की थी, लेकिन दोनों का 2013 में तलाक हो गया था। उनका एक बेटा ईशाान भी है।

ओम पुरी की आगामी फिल्म ‘रामभजन जिंदाबाद’ के निर्माता खालिद किदवई ने आईएएनएस को बताया कि उन्होंने गुरुवार की रात ओम पुरी से फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में मुलाकात की थी और सुबह वह नहीं रहे।

किदवई ने कहा, “वह अच्छे मूड में थे और हमारी बातचीत देर शाम तक चली। उसके बाद वह अभिनेता मनोज पाहवा की पार्टी में चले गए। सुबह मुझे जब उनके निधन के बारे में पता चला तो मैं हैरान रह गया, मुझे विश्वास ही नहीं हुआ।”

अभिनेता और सीआईएनटीएए के महासचिव सुशांत सिंह ने कहा, “उनसे गुरुवार शाम को बात हुई थी और उनसे शुक्रवार रात मिलने वाला था। वह सीआईएनटीएए के बारे में कुछ बताना चाहते थे और आज सुबह मुझे यह दुखद समाचार मिला।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493