ओलम्पिक प्रतिबंध के खिलाफ अपील करेंगे रूस के उप प्रधानमंत्री

मॉस्को, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। रूस के उप प्रधानमंत्री विताली मुतको ने कहा है कि वह अस्थायी रूप से रूस फुटबाल संघ (आरएफयू) के अध्यक्ष का पद छोड़ देंगे और खुद पर लगे आजीवन ओलम्पिक प्रतिबंध के खिलाफ खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) में अपील करेंगे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मुतको ने एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी।

मुतको ने कहा कि वह छह माह के लिए आरएफयू अध्यक्ष पद से हट जाएंगे, ताकि कानूनी प्रक्रिया के दौरान संघ के कार्य प्रभावित न हों।

उप प्रधानमंत्री ने कहा, “संघ के एक नियम के अनुसार, अगर अध्यक्ष अपने पद का कार्यभार पूरी तरह से नहीं संभाल पा रहा हो, तो उसे अपना पद छोड़ देना चाहिए।”

मुतको ने कहा, “आरएफयू का काम प्रभावित न हो, इसलिए मैंने छह माह के लिए अपने पद से हटने का आग्रह किया है। मैं अपने पद से इस्तीफा नहीं दे रहा हूं और मेरा आदेश मान्य होगा।”

59 वर्षीय मुतको ने कहा कि वह अगले साल रूस में होने वाले फीफा विश्व कप की तैयारियों पर निगरानी जारी रखेंगे।

मुतको के आरएफयू से अलग रहने के दौरान एलेक्जेंडर एलाएव आरएफयू के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे। इस फैसले के लिए फीफा ने मुतको का धन्यवाद किया है।

पांच दिसम्बर को अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने राज्य प्रायोजित डोपिंग के मामले में संलिप्तता के कारण मुतको पर ओलंपिक में भाग लेने पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। सोची में 2014 में हुए शीतकालीन ओलंपिक के समय मुतको रूस के खेल मंत्री थे।

आईओसी ने साथ ही रूस को डोपिंग मामले के कारण अगले साल दक्षिण कोरिया में होने वाले शीतकालीन ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया है।

रूसी अधिकारी सरकार प्रायोजित डोपिंग के आरोपों को हमेशा नकारते रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493