ओला देगी सफाई कर्मचारियों के परिवार वालों को प्रशिक्षण

नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। टैक्सी एप ओला महिलाओं को उद्यमिता, कौशल विकास एवं आत्म-रक्षा में प्रशिक्षण देगा। ओला ने सफाई कर्मचारियों विशेष रूप से महिलाओं को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें और उनके परिवारों को सामाजिक-आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाने के लिए सरकार के साथ समझौता ज्ञापन पर मंगलवार को हस्ताक्षर किया है।

सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण मंत्रालय के तत्वावधान में स्थापित राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (एनएसकेएफडीसी) के साथ ओला ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। इस साझेदारी के तहत ड्राइवर उद्यमियों को कैरियर और आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण मंत्री थावरचंद गहलोत ने इस मौके पर कहा, “हमें विश्वास है कि ओला के साथ हमारी यह साझेदारी सफाई कर्मचारियों के परिवारों की इन महिलाओं को नौकरियों/ स्व-रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाने में योगदान देगी। पाठ्यक्रम के दौरान आत्म रक्षा का प्रशिक्षण इन महिला ड्राइवरों में न केवल आत्मविश्वास पैदा करेगा बल्कि इससे उनकी कैब में यात्रा करने वाले उपभोक्ता भी अपने आप को सुरक्षित महसूस करेंगे, विशेष रूप से तब जबकि वे रात के समय यात्रा कर रहे हों।”

ओला के उत्तरी भारत के व्यापार प्रमुख दीप सिंह ने कहा, “इस साझेदारी के माध्यम से हम सफाई कर्मचारियों और उनके आश्रितों को आजीविका एवं उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना चाहते हैं। ड्राइवरों को उचित कौशल प्रदान करने एवं उन्हें विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य के साथ हमने यह पहल की है।”

इस समझौता ज्ञापन के तहत ओला एनएसकेएफडीसी के द्वारा प्रशिक्षित किए गए ड्राइवर उद्यमियों को अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से उद्यमिता के अवसर प्रदान करेगी। सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण मंत्रालय अपने कॉमर्शियल ड्राइविंग ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत महिलाओं को आत्म रक्षा में विशेष कौशल प्रदान करता रहा है। ओला इन प्रशिक्षित महिलाओं को वित्तीय संस्थानों की मदद से सीधे कार निर्माताओं से कार खरीदने में भी मदद करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493