लॉस एंजेलिस, 5 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी संगीत की लोकप्रिय शैली कंट्री म्यूजिक की गायक जोए फीक का कैंसर के कारण निधन हो गया। वह 40 साल की थीं।
वेबसाइट ‘फीमेल फर्स्ट डॉट को डॉट यूके’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जोए का निधन अपने गृहनगर एलेंक्जेंड्रिया इंडियाना में शुक्रवार को हुआ। वह लंबे समय से गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर (सर्विकल कैंसर) से जूझ रही थीं।
उनके पति और संगीत सहायक रॉरी फीक ने अपने ब्लॉग के जरिए यह खबर दी।
रॉरी ने लिखा, “मेरी पत्नी का सबसे बड़ा सपना आज पूरा हुआ। वह स्वर्ग में हैं। कैंसर खत्म हो गया है और उसके साथ उनकी तकलीफ भी खत्म हो गई है। उनके सभी आंसू भी सूख चुके हैं।”
उन्होंने आगे लिखा, “हालांकि यह और काफी समय आंसू और दुख में बीता, लेकिन साथ ही अनगिनत खुशियों के आसुंओं का समय भी आया। कई खूबसूरत लम्हे बीते, जिन्हें गिनना या साझा करना मुश्किल है, लेकिन मैं कोशिश करता हूं।”
रॉरी ने जोए के कैंसर से लड़ने के संघर्ष के बारे में भी लिखा।
उन्होंने लिखा, “जब कोई व्यक्ति जोए जैसी तकलीफ और संघर्ष झेलता है तो आप केवल यही चाहते हैं कि वह तकलीफ खत्म हो जाए। आप उनका साथ चाहने से ज्यादा यह चाहते हैं कि उन्हें और तकलीफ न हो। इसलिए उन्हें अलविदा कहने का मुश्किल काम थोड़ा आसान हो जाता है।”
जोए को जून 2014 में कैंसर से पीड़ित पाया गया था।
dharmpath.com dharmpath