कंदील की हत्या के आरोपी भाई की मौत चाहते हैं पिता

इस्लामाबाद, 22 जुलाई (आईएएनएस)। झूठी इज्जत के नाम पर शिकार हुईं पाकिस्तान की सोशल मीडिया का लोकप्रिय चेहरा रहीं कंदील बलूच के पिता का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या करने वाले उनके बेटे को देखते ही गोली मार देनी चाहिए।

कंदील के पिता अनवर अजीम ने कहा, “मैं कहना चाहता हूं कि उसे (बेटे को) देखते ही गोली मार देनी चाहिए। उसने मेरी बच्ची का गला घोंट दिया।”

वेबसाइट ‘न्यूज इंटरनेशनल’ के अनुसार, शुक्रवार को कंदील के माता-पिता ने बेटी की हत्या पर अपने दर्द को जाहिर किया।

कंदील द्वारा सोशल मीडिया पर बोल्ड फोटो और पोस्ट साझा करने की वजह से कंदील के भाई वसीम ने उसकी हत्या कर दी थी।

अजीम ने कहा, “हमें नशीला दवा दे दी गई थी। हम ऊपर गहरी नींद में थे। कंदील ने निश्चित ही हमें पुकारा होगा।”

कंदील के पिता ने कहा कि उनकी बेटी उनकी सबसे अच्छी दोस्त थी। उन्होंने यह भी कहा कि वसीम सनकी था।

कंदील की मां ने कहा कि उनकी बेटी अपनी सभी निजी बातें उनसे साझा किया करती थी।

उन्होंने कहा, “हम मां-बेटी अपने सारे राज एक-दूसरे से साझा करते थे। वह कहती रहती थी कि आपकी बेटी काफी मेहनत कर रही है और वह काफी आगे तक जाएगी।”

कंदील की मां ने कहा कि उन्हें तथा अजीम को भी नशीली दवा देकर बेहोश किया गया था। कंदील को पहले दवा देकर बेहोश किया गया और उसके बाद गला घोंट कर उसकी हत्या की गई।

उन्होंने बताया, “मैंने और मेरे शौहर ने दूध पीया था। उसमें नशीली दवा मिलाई गई थी। हम दोनों गहरी नींद में थे। सुबह मैंने नाश्ते के लिए कंदील को आवाज दी..लेकिन वह नहीं उठी।”

कंदील के शव के बारे में उनकी मां ने बताया कि उसके पूरे चेहरे पर चोट के निशान थे। उसकी जुबान और होंठ काले पड़ गए थे।

कंदील को 14 जुलाई को उनके भाई वसीम ने घर में गला घोंट कर मार डाला था। वसीम ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसका कहना है कि परिवार के सम्मान के लिए उसने कंदील की हत्या की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493