कंबोडिया ने अमेरिका से कहा, हमारे मामलों में हस्तक्षेप न करें

नोम पेन्ह, 22 फरवरी (आईएएनएस)। कंबोडिया के प्रधानमंत्री समदेच टेको हुन सेन ने बुधवार को विदेशी देशों खास तौर से अमेरिका से अपने देश के आंतरिक मामलों में दखल नहीं देने का आग्रह किया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा, “मैंने आपके आंतरिक मामलों में दखल नहीं दिया है, इसलिए मेरा सुझाव है कि आप भी मेरे आतंरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करें।”

उन्होंने कहा, “एक संप्रभु राज्य के रूप में हम आपसे कंबोडिया की स्वतंत्रता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं।”

उन्होंने कहा कि कंबोडिया विदेशी देशों के किसी दखल को स्वीकार नहीं कर सकता।

कंबोडिया के प्रधानमंत्री का यह बयान सोमवार को राजनीतिक दलों से जुड़े कंबोडिया के कानून में संशोधन पर अमेरिका के कड़ी चिंता जताने के बाद आया है।

संशोधित कानून दोषी राजनेताओं को एक राजनीतिक दल की अगुवाई करने से रोकता है और सर्वोच्च न्यायालय को किसी राजनीतिक दल के शीर्ष अधिकारी का दोष सिद्ध होने पर पार्टी को समाप्त करने का अधिकार देता है।

इन कानूनी बदलावों के तहत राजनीतिक दलों पर अलगाव या उकसावे या राष्ट्रीय सुरक्षा को हानि पहुंचाने वाली गतिविधियों की वजह से प्रतिबंध भी लग सकता है।

अमेरिकी बयान में कहा गया कि इन संशोधनों ने सरकार को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर और राजनीतिक दलों की वैध गतिविधियों को प्रतिबंधित करने के बड़े अधिकार दे दिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493