कंबोडिया में इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 17

नोम पेन्ह, 23 जून (आईएएनएस)। कंबोडिया के प्रेह सिहनौक प्रांत में एक सात मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। अधिकारियों ने यह आंकड़े रविवार को जारी किए।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, बचाव अधिकारियों ने रविवार की सुबह एक सूची जारी की जिसमें बताया गया कि मलबे के ढेर के नीचे 17 लोग मृत पाए गए हैं, जबकि 24 अन्य घायल हैं।

देर शनिवार को कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन ने फेसबुक पोस्ट के जरिए सांत्वना प्रकट करते हुए सरकार की तरफ से मृतकों के परिजनों को 10,000 डॉलर और हर घायल को 1,250 डॉलर मुआवजा देने की घोषणा की।

प्रेह सिहनौक प्रांत के गवर्नर युन मिन से सिन्हुआ से कहा कि माना जा रहा है कि शनिवार सुबह जब इमारत गिरी उस समय वहां करीब 40-50 मजदूर सो रहे थे।

भूमि प्रबंधन, शहरी नियोजन और निर्माण मंत्रालय के प्रवक्ता सेंग लोथ ने कहा कि भवन का निर्माण बिना अनुमति के किया जा रहा था।

उन्होंने सिन्हुआ को बताया, “इस परियोजना के लिए लाइसेंस नहीं मिला था और प्रांतीय आधिकारियों ने निर्माणकर्ता को दो बार चेतावनी भी दी थी, लेकिन उन्होंने चेतावनी की अनदेखी की। “

उन्होंने कहा कि इमारत गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493