नोम पेन्ह, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। कंबोडिया के प्रधानमंत्री समदेक टेको हुन सेन ने सोमवार को प्रशासन और सुरक्षा बलों को चंद्र नववर्ष के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का निर्देश दिया है। चंद्र नववर्ष 14-16 अप्रैल के बीच मनाया जाएगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा, “देश के प्रशासन और सशस्त्र बलों को नववर्ष के जश्न के दौरान लोगों की सुरक्षा का हर संभव ध्यान रखना चाहिए।”
उन्होंने जनता को निर्देश दिया कि वे जश्न के दौरान एक दूसरे पर पानी फेंकने, यात्रियों पर पानी से भरे थैले फेंकने या एक दूसरे के मुंह पर कालिख पोतने से बचें।
हुन सेन ने बस कंपनियों और टैक्सी ड्राइवरों से छुट्टियों के दौरान किराये न बढ़ाने की भी अपील की है। इस दौरान लाखों कंबोडियाई राजधानी नोम पेन्ह से अपने गृह नगर जाते हैं।
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर वाहन चालकों को वाहन चलाने के दौरान सावधानी बरतने को कहा है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
dharmpath.com dharmpath