कनाडा ओपन में मनु-सुमित से होगी खिताब की उम्मीद

कैलगरी (कनाडा), 22 जून (आईएएनएस)। पिछले हफ्ते में यूएस ओपन के शानदार सफर के बाद मनु अत्री और बी. सुमित रेड्डी की भारतीय पुरुष युगल बैडमिंटन जोड़ी मंगलवार से शुरू हो रहे 50,000 डॉलर इनामी राशि वाले कनाडा ओपन ग्रां प्रिक्स में इस क्रम को जारी रखने की कोशिश करेगी।

यूएस ओपन के फाइनल में रविवार को हार का सामना करने वाले मनु और सुमित यहां चौथे वरीय जोड़ी के तौर पर खेलेंगे। टूर्नामेंट के पुरुष युगल वर्ग में यह एकमात्र भारतीय जोड़ी होगी।

मनु और सुमित प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए एंद्रियान लियू और डेरिक एनजी की स्थानीय जोड़ी से भिड़ेंगे।

दूसरी ओर, महिला युगल वर्ग में पड्रन्या गडरे और एन. सिक्की रेड्डी तथा ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी पहले ही अंतिम-16 में पहुंच चुकी है। इन दोनों जोड़ियों को बाइ मिला।

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली अश्विनी और ज्वाला के लिए भी यूएस ओपन का अनुभव शानदार रहा और यह जोड़ी सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही।

पुरुष एकल में अजय जयराम, आनंद पवार, बी. साई प्रणीत क्रमश: नौवें, 10वें और 11वें वरीय खिलाड़ी के तौर पर टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। अजय अपना पहला मैच चीनी ताइपे के शिह कुइ चुन के खिलाफ खेलेंगे जबकि आनंद स्कॉटलैंड के एलिस्टेर कासे के खिलाफ मैच से अपने अभियान का आगाज करेंगे। प्रणीत को टूर्नामेंट में अपना पहला मैच एक क्वालीफायर खिलाड़ी के खिलाफ खेलना है।

इसके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता आर. एम. वी गुरुसाईदत्त, वर्मा बंधु सौरभ और समीर भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।

महिला एकल में मुंबई की तान्वी लाड, पी. सी. तुलसी चुनौती पेश करेंगी। वहीं, मिश्रित युगल वर्ग में तरुण कोना और सिक्की भारतीय चुनौती रखेंगी।

टूर्नामेंट के मुख्य ड्रा के मुकाबले बुधवार से शुरू होंगे। इससे पहले मंगलवार को क्वालीफाइंग दौर के मैच खेले जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493