ओटावा, 25 जनवरी (आईएएनएस)। कनाडा के क्यूबेक हवाईअड्डे पर एक विमान में 185 यात्रियों ने सवार होने के तुरंत बाद तबियत खराब होने की शिकायत की। इनमें से 10 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यात्रियों को उड़ान भरने से पहले विमान की डि-आइसिंग के दौरान आंखों में जलन, चक्कर, उल्टी जैसी दिक्कतें हुईं।
इसके बाद एंबुलेंस को बुलाया गया और फ्लोरिडा के फोर्ट लॉडरडेल जाने वाली एयर ट्रांसैट उड़ान संख्या 782 के सभी यात्रियों की गुरुवार पूर्वान्ह लगभग 11 बजे चिकित्सकों ने जांच की।
कनाडाई मीडिया के अनुसार, राजधानी में पांच अस्पतालों की देखरेख करने वाले सीएचयू डी क्यूबेक के अधिकारियों ने बिना अधिक जानकारी दिए बताया कि पांच यात्रियों को तुरंत अस्पताल रवाना कर दिया गया जबकि बाकी को एक-एक कर भेजा गया।
दमकलकर्मियों ने तुरंत जीन लेसाज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खड़े इस विमान को खाली करा लिया। उन्होंने विमान के अंदर की वायु गुणवत्ता की भी जांच की जो बिलकुल ठीक पाई गई।
एयरलाइंस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
हवाईअड्डे के एक प्रवक्ता ने बताया कि संभव है कि ऐसा विमान में वेंटिलेशन की समस्या के कारण हुआ हो।
dharmpath.com dharmpath