नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। बतौर कप्तान अपने पहले ही मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स को शानदार जीत दिलाने वाले श्रेयस अय्यर ने कहा कि यह जीत उनके लिए एक शानदार अनुभव है।
दिल्ली ने अपने नए कप्तान अय्यर के नेतृत्व में शुक्रवार को यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के एक मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 55 रनों से हराकर लीग में दूसरी जीत दर्ज की।
अय्यर ने मैच के बाद कहा, “यह एक शानदार अनुभव है, खासकर तब जब आप पहली बार टीम का नेतृत्व कर रहे हों। इस जीत में सिर्फ मैंने ही नहीं, बल्कि सभी ने अपना योगदान दिया। बल्लेबाजी हमें खुद को साबित करने का मौका देती है। सत्र के शुरुआत से ही शॉ अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।”
अय्यर ने मैच में नाबाद 93 रन बनाए और उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। उन्होंने कहा,”कोलिन मुनरो ने हमें अच्छी साझेदारी दी। इसके अलावा प्लेंकट ने भी सही लाइन लेंथ के साथ गेंदबाजी की। उन्होंने मुझसे कहा कि वह 16वें या 17वें ओवर में गेंदबाजी करना चाहते हैं। यह देखकर अच्छा लग रहा है कि एक सीनियर आपसे आकर ऐसी बातें कहता है।”
dharmpath.com dharmpath