कबड्डी विश्व कप-2016 का लोगो जारी, कार्यक्रम घोषित

नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी महासंघ (आईकेएफ) के अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलोत ने बुधवार को युवा मामले एवं खेल मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय गोयल की मौजूदगी में कबड्डी विश्व कप-2016 के लोगो का अनावरण किया।

साथ ही अगले महीने भारत की मेजबानी में होने वाले कबड्डी विश्व कप-2016 के कार्यक्रम की घोषणा भी की गई।

उल्लेखनीय है कि लगातार आठवीं बार कबड्डी विश्व कप की मेजबानी कर रहे भारत के अलावा अमेरिका, ग्रेट ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, ईरान, पोलैंड, थाईलैंड, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया, जापान, अर्जेटीना एवं केन्या की टीमें हिस्सा लेंगी।

प्रतिभागी देशों को छह-छह के दो समूह में बांटा जाएगा और विश्व कप के सभी मैच अहमदाबाद के नए अत्याधुनिक स्टेडियम, द एरीना बाय ट्रांसस्टेडिया में खेले जाएंगे।

विश्व कप की शुरुआत सात अक्टूबर से होगी जिसका फाइनल मैच 22 अक्टूबर को खेला जाएगा। 15 दिनों तक चलने वाला टूर्नामेंट राउंड रॉबिन लीग प्रारूप में खेला जाएगा।

इस अवसर पर विजय गोयल ने कहा, “भारत वैश्विक स्तर पर खेलों का गढ़ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मार्च में यहां टी-20 विश्वकप आयोजित हुआ और फरवरी में दक्षिण एशियाई खेलों का आयोजन किया गया। अक्टूबर में हम ब्रिक्स फुटबॉल और 2017 में फीफा अंडर-17 विश्व कप आयोजित कर रहे हैं। और कबड्डी विश्व कप-2016 भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट होगा।”

उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि इस विश्व कप के जरिए कबड्डी ओलम्पिक खेलने वाले देशों में वैश्विक पहचान हासिल कर रहा है।”

गुजरात में बड़ी संख्या में पाए जाने वाले एशियाई शेर से लिया गया विश्व कप का लोगो कबड्डी डिफेंडर्स की उग्रता एवं रेडर की फुर्ती प्रदर्शित करता है। लोगो में शामिल किए गए शेर का चित्र गुजरात के गिर अभयारण्य के शेरों को समर्पित है।

जनार्दन सिंह ने इस मौके पर कहा, “विश्व में जितने भी देश हैं उनका अपना एक खेल है जो वहां की जड़ों से जुड़ा हुआ है और विश्व स्तर पर लोकप्रिय है। हमारी धरती पर खेले जाने वाले इस खेल को विश्व स्तर तक पहुंचाना ही हमारी भी ख्वाहिश है।”

उन्होंने कहा, “दुनिया के अन्य देशों में भी कबड्डी को लोकप्रिय बनाना और विश्व स्तर पर पहचान दिलाना यही हमारी तमन्ना है और हम इस ओर बढ़ रहे हैं। हम कबड्डी को ओलम्पिक में शामिल करवाएंगे। यह एक सर्वाधिक उपयुक्त अवसर है, जब कबड्डी को वैश्विक मंच पर पहचान और सम्मान मिलेगा।”

विश्व कप के सारे मैच केवल स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और स्टार के डिजिटल प्लेटफॉर्म हॉटस्टार पर प्रसारित किए जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493