कभी सफेद शर्ट, जीन्स में रेड कार्पेट पर चलूंगी : ऐश्वर्य

मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। ऐश्वर्य राय बच्चन की 15 साल की कान्स यात्रा में उन्हें अपने परिधानों के लिए सराहना और आलोचना मिलती रही है। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बॉलीवुड अभिनेत्री का कहना है कि उन्हें सजना-संवरना पसंद है, लेकिन उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि वह कभी रेड कार्पेट पर सफेद शर्ट और जीन्स में भी नजर आ सकती हैं।

इस साल कान्स में लोरियल पेरिस की ब्रांड एम्बेसडर ऐश्वर्य सबसे पहले सुनहरे केप परिधान में नजर आई थीं। उसके बाद उन्होंने नईम खान की लाल डिजाइनर ड्रेस पहनी थी।

उसके बाद उन्होंने एली साब के डिजाइनर परिधान और फिर भारतीय डिजाइनर रोहित बल के डिजाइन किए परिधान में जलवा बिखेरा था। सबसे आखिर में वह बैंगनी रंग की लिपस्टिक लगाए बेहद ग्लैमरस अवतार में नजर आईं।

क्या उन पर किसी खास अंदाज में दिखने का दबाव होता है? इस सवाल पर उन्होंने कहा, “कान्स में 15 साल हो चुके हैं। मैं सबसे पहली बार यहां ‘देवदास’ के लिए आई थी। मैं जानती थी कि मैं ग्लैमर जगत में हमेशा रहूंगी। इसलिए सजना-संवरना जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। मुझे इसमें कोई परेशानी नहीं होती।”

उन्होंने कहा, “मैं हर किसी से मजाक में कहती हूं कि एक दिन मैं सफेद शर्ट और जीन्स में रेड कार्पेट पर चलूंगी।”

42 वर्षीय पूर्व सौंदर्य की मलिका के लिए फैशन एक कला है। उन्होंने साथ ही कहा कि वह इसे गंभीरता से नहीं लेतीं।

उन्होंने कहा, “करियर के लिए मैंने अभिनय को चुना और फैशन का मैं कला की तरह मजा उठाती हूं। मेरी अपनी एक जिंदगी है और एक परिवार है। मैं केवल इन्हीं पर ध्यान नहीं देती। इसलिए मुझे इनसे तनाव नहीं होता। मैं एक पेशेवर हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493