एर्नाकुलम (केरल), 18 मार्च (आईएएनएस)। यहां एक जिला अदालत ने कमल हासन की फिल्म ‘पापनाशम’ पर दर्ज कॉपीराइट उल्लंघन का मुकदमा खारिज कर दिया है। मुकदमा फिल्मकार-पटकथा लेखक सतीश पॉल ने दर्ज कराया था।
सतीश का आरोप था कि ‘पापनाशम’ उनके उपन्यास ‘ओरु मज्हकलाथू’ के कॉपीराइट का उल्लंघन है।
‘पापनाशम’ मलयालम की अतिसफल फिल्म ‘दृश्यम’ का तमिल रीमेक है।
एक बयान में कहा गया, “दूसरे अपर जिला न्यायालय, एर्नाकुलम ने सतीश पॉल की ओर से ‘पापनाशम’ के निर्माताओं और निर्देशक जीतू जोसेफ पर दर्ज कराया गया मुकदमा मंगलवार को खारिज कर दिया। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आरोपों को खारिज कर दिया और फिल्म निर्माताओं के हक में फैसला सुनाया।”
सतीश पॉल ने पिछले साल ‘पापनाशम’ पर अंतरिम निषेधाज्ञा ले ली थी, जिस वजह से फिल्म की शूटिंग ठप हो गई थी, लेकिन फिल्म के निर्माता निषेधाज्ञा हटवाने में सफल रहे और बाद में मुकदमा लड़ा।
फिल्म इस साल गर्मियों में रिलीज होने की संभावना है। इसमें गौतमी, आशा सरथ, अनंत महादेवन, कालभवन मणि और निवेदा थोम्स मुख्य भूमिका में हैं।
dharmpath.com dharmpath