नोम पेन्ह, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। कम्बोडिया के अंगकोर वाट पुरातात्विक पार्क की टिकटों की बिक्री से होने वाली कमाई साल 2017 के पहले आठ महीनों में 6.92 करोड़ डॉलर पहुंच गई है। शुक्रवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल इतनी ही अवधि के मुकाबले यह कमाई लगभग 69.8 फीसदी अधिक है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इस प्राचीन स्थल पर जनवरी से अगस्त के बीच अब तक की अवधि में करीब 16 लाख विदेशी नागरिक आए, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 12.2 फीसदी अधिक है।
इनमें से अधिकांश आगुंतक चीन, दक्षिण कोरिया और अमेरिका के पर्यटक थे।
राजस्व में इस वृद्धि के पीछे की वजह फरवरी में हुई टिकटों के दामों में वृद्धि को माना जा रहा है।
फिलहाल वर्तमान में जो प्रवेश शुल्क है, वह एक दिन के लिए 37 डॉलर है, तीन दिन के पास के लिए 62 डॉलर और एक हफ्ते के पास के लिए 72 डॉलर निर्धारित किया गया है।
सिएम रीप प्रांत में स्थित अंगकोर वाट मंदिर का निर्माण खमेर नरेश, सूर्यवर्मन द्वितीय ने 12वीं शताब्दी के प्रारंभ में कराया था। यह दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक स्मारक है।
मूल रूप में इसका निर्माण हिंदू देवता विष्णु के मंदिर के रूप में कराया गया था, लेकिन धीरे-धीरे यह समय के साथ बौद्ध मंदिर में तब्दील होता चला गया।
साल 1992 में इसे यूनेस्को की विश्व घरोहर सूची में शामिल कर लिया गया।
dharmpath.com dharmpath