इस्लामाबाद, 13 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची शहर में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने एक बस पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिसमें बस में सवार 43 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य लोग घायल बताए गए हैं।
समाचारपत्र ‘डॉन’ की वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला शहर के सफूरा चौक इलाके के करीब हुआ।
सिंध के पुलिस महानिरीक्षक गुलाम हैदर जमाली ने बताया कि बस में 60 लोग सवार थे।
अस्पताल से जुड़े सूत्रों ने कहा कि मृतकों में 16 महिलाएं भी शामिल हैं। बस में कोई बच्चा सवार नहीं था।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मोटरसाइकिल पर आए आठ अज्ञात हमलावरों ने बस पर गोलियां बरसाईं। वे मौके से भाग निकलने में सफल रहे।
वीडियो फुटेज में बस पर गोलियों के निशान नहीं दिख रहे हैं, इस वजह से माना जा रहा है कि हमलावरों ने बस में घुसकर गोलियां चलाई होंगी।
प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और सिंध के मुख्यमंत्री सैयद कैम अली शाह ने हमले की पुरजोर निंदा की है।
बस में सवार लोग शहर के इस्माइली समुदाय से ताल्लुक रखते थे।
dharmpath.com dharmpath