नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। मौजूदा समय में फिल्म कलाकार अभिनय के अलावा भी फैशन, फिल्म निर्माण, निर्देशन, गायन जैसे दूसरे क्षेत्रों में संभावनाएं तलाश रहे हैं, वहीं अभिनेत्री करीना कपूर का कहना है कि उनका जुनून अभिनय है और वह दूसरे विकल्पों से दूर ही रहना चाहती हैं।
करीना ने दिल्ली में मैग्नम आईसक्रीम पार्लर के लांच पर आईएएनएस से कहा, “मुझे अपना खुद का फैशन संग्रह शुरू करने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन इस वक्त मैं फिल्मों से ध्यान नहीं हटाना चाहती हूं, अभिनय मेरा जुनून है। मुझे नहीं लगता कि मैं अभी फिल्म निर्माता बन सकती हूं।”
उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि मेरे पास कुछ और जिम्मेदारी लेने के लिए समय है या मैं उस स्तर तक पहुंची हूं। सबसे बड़ी बात अभिनय के अलावा मेरी किसी और चीज में दिलचस्पी नहीं है।”
अभिनेता सैफ अली खान से विवाह कर चुकीं 34 वर्षीया करीना कबीर खान की ‘बजरंगी भाईजान’ और अभिषेक चौधरी की ‘उड़ता पंजाब’ की शूटिंग की तैयारी कर रही है।
करीना ने कहा, “मुझे नए लोगों के साथ काम करना अच्छा लगता है। कबीर हो, अभिषेक या राजकुमार गुप्ता..इनके साथ मैं पहली बार काम कर रही हूं।”
dharmpath.com dharmpath