बेंगलुरु, 1 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के दिग्गज उद्योगपति व शराब कारोबारी श्रीहरि खोडे का लंबी बीमारी के कारण सोमवार रात निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे। कंपनी के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा, “लंबी बीमारी व उम्र संबंधी परेशानियोंके कारण खोडे का निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटे तथा दो बेटियां हैं।”
110 साल पुराना खोडे ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज पीटर स्कॉट, रेड नाइट व्हिस्की, 3 एक्स रम, हरक्यूलिस बीयर व कोस्टांटिनो ब्रांडी बनाने के लिए जाना जाता है।
बेंगलुरु में जन्मे व पले-बढ़े खोडे ने शहर में सन् 1986 में पहला पब खोलकर पब संस्कृति को ऊंचाई तक पहुंचाया। शहर में आज की तारीख में कुल 500 पब हैं।
अधिकारी ने कहा, “श्रीहरि, ईश्वरा के मंझले बेटे थे, जिन्होंने सन् 1906 में ग्रुप की स्थापना की थी।”
खोडे कंपनी में निदेशक की हैसियत से शामिल हुए थे और साल 2011 में उपाध्यक्ष व प्रबंध निदेशक बने। साथ ही उन्होंने कंपनी का विस्तार कृषि, जैव तकनीक, इंजीनियरिंग, विद्युत, कपड़ा व यातायात क्षेत्रों में किया।
अधिकारी ने कहा, “खोडे ने कई पुरस्कृत कन्नड़ फिल्मों के निर्माण में भी धन लगाया था। वह सिनेमा के शौकीन थे।”
खोडे के निधन पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, प्रदेश के उद्योग मंत्री आर.वी.देशपांडे, विपक्ष के नेता बी.एस.येदियुरप्पा तथा जगदीश शेट्टार ने शोक व्यक्त किया है।
dharmpath.com dharmpath