कश्मीर पर भारत-पाकिस्तान बातचीत करें : अमेरिकी सीनेटर

इस्लामाबाद, 3 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के सीनेटर जॉन मैक्केन के नेतृत्व में अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के सदस्यों के यहां आए एक प्रतिनिधिमंडल ने भारत और पाकिस्तान से कश्मीर मुद्दे को बातचीत के माध्यम से सुलझाने का आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान की मदद के बगैर अफगानिस्तान में शांति सम्भव नहीं है।

पाकिस्तान के प्रमुख समाचार पत्र डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल रविवार को पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज से मिला और द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत की, जिनमें आतंकवाद, पाकिस्तान के भारत व अफगानिस्तान से रिश्ते और क्षेत्रीय शांति शामिल है।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में सीनेट सदस्य लिंडसे ग्राहम, शेल्डन व्हाईटहाउस, एलीजाबेथ वॉरेन और डेविड पेरदु शामिल हैं।

पाकिस्तान की विदेश सचिव तहमिना जंजुआ भी इस मुलाकात के दौरान मौजूद थीं।

मुलाकात के बाद, सीनेट की सशस्त्र सेवा समिति के अध्यक्ष मैक्केन ने कहा कि पाकिस्तान की अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता की स्थापना में एक महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा, “अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता पाकिस्तान की मदद के बगैर संभव नहीं है.. कश्मीर समस्या को वार्ताओं के माध्यम से एक शांतिपूर्ण तरीके सुलझाया जाना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि अमेरिका कश्मीर में हिंसा का अंत चाहता है और उनका देश इस मुद्दे पर अपनी नीति को लगातार बनाए रखेगा क्योंकि इस संबंध में अभी तक कोई बदलाव नहीं हुआ है।

डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान को इस क्षेत्र में और इससे आगे भी शांति और सुरक्षा संबंधी मामलों में साथ में सहयोग करने की आवश्यकता है।

पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार अजीज ने भी दोनों देशों के बीच लम्बे समय से चले आ रहे सहयोग के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि इस साझेदारी को ‘विविध और बहुआयामी’ बनाने की आवश्यकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493