भोपाल-मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज्य की मोहन सरकार पर जमकर हमला बोला। पटवारी ने आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश पर प्रतिदिन 213 करोड़ रुपये का कर्ज बढ़ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा सरकार बस एक हजार दिन की मेहमान है। इसके बाद भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी।
पटवारी ने कहा कि आज देश और प्रदेश में सबसे अधिक पीड़ित और दुखी यदि कोई है तो वह किसान, आम जनता और युवा हैं, जिन्हें केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों ने पूरी तरह उपेक्षित कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में किसान की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। किसी भी फसल को न तो उचित मूल्य मिल रहा है और न ही एमएसपी पर खरीदी हो रही है। भाजपा सरकार ने खेती को लाभ का धंधा बनाने का वादा किया था, लेकिन आज भारत दुनिया में किसानों की आत्महत्या के मामलों में सबसे ऊपर पहुंचता जा रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
पटवारी ने कहा कि अमेरिका के कृषि मंत्री द्वारा दिया गया हालिया बयान, जिसमें भारत–अमेरिका ट्रेड डील की जानकारी सामने आई है, बेहद चिंताजनक है। इस डील के तहत भारत अमेरिका से आने वाले कृषि उत्पादों पर 0% टैरिफ लगाएगा। इसमें ड्राई फ्रूट्स, फल-सब्ज़ियां, शराब, स्पिरिट, औद्योगिक उत्पाद, रसायन और चिकित्सा उपकरण शामिल हैं। वहीं भारत में उत्पादित कृषि सामग्री जब अमेरिका जाएगी तो उस पर 18% तक टैक्स लगेगा।
dharmpath.com dharmpath