पणजी, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। गोवा कांग्रेस ने गुरुवार को तटीय राज्य में पंचायत चुनाव जून तक स्थगित करने के राज्य सरकार के फैसले का विरोध किया है।
कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष लुइजिन्हो फलेरो ने राज्य निर्वाचन आयोग को सौंपे एक पत्र में भाजपा नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर चुनाव स्थगित करके ‘लोकतंत्र के सिद्धांतों के साथ छेड़छाड़ करने’ के प्रयास का आरोप लगाया।
फलेरो ने आयोग को सौंपे एक पत्र में कहा, “चुनाव को जून तक स्थगित नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि जून में मानसून शुरू हो जाता है और ऐसी स्थिति में मतदाताओं को चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने में परेशानी हो सकती है।”
मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने बुधवार को पंचायत चुनाव मई के मध्य से 25 जून तक स्थगित करने की घोषणा की थी। उनका तर्क था कि गोवा में चार फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव और उसके बाद परिणामों की घोषणा के लिए एक महीने से भी अधिक समय तक इंतजार के चलते लंबे समय तक आदर्श आचार संहिता लागू रही थी।
पर्रिकर ने कहा था कि साथ ही लोग मई में छुट्टियों पर चले जाते हैं, जिसके कारण पंचायत चुनाव में मतदान कम होने की संभावना है।
लेकिन, कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव को स्थगित करना लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है।
dharmpath.com dharmpath