काउंटी से बेहतर खिलाड़ी के रूप में लौटूंगा : पुजारा

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लिश काउंटी क्लब यॉर्कशायर के साथ करार करने वाले भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने सोमवार को कहा कि इस बार जब वह काउंटी क्रिकेट खेल कर लौटेंगे तो उन्हें उम्मीद है कि उनकी खेल शैली में बड़ा बदलाव होगा और वह एक अलग खिलाड़ी बनकर लौटेंगे।

वेबसाइट क्रिकइंफो के अनुसार पुजारा ने कहा कि अगले कुछ महीने उनकी तकनीक, खेल शैली और इच्छाशक्ति की असली परीक्षा होगी।

पुजारा के अनुसार, “इंग्लैंड में एक बल्लेबाज के तौर पर आपके सामने कड़ी चुनौती होती है और आप उन हालात में जब रन बनाते हैं तब आपका आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसे में तकनीकी तौर पर भी आपको हमेशा सही शैली में बल्लेबाजी करनी होती है।”

पुजारा के अनुसार इंग्लैंड के मौसम के अनुसार खुद को ढालना भी एक बड़ी चुनौती होगी, जिससे भारतीय खिलाड़ियों को दो-चार होना पड़ता है।

पुजारा ने इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में किसी टीम द्वारा नहीं खरीदे जाने के बाद यॉर्कशायर से करार किया। आईपीएल के पिछले संस्करण में वह किंग्स इलेवन पंजाब टीम की हिस्सा थे और छह पारियों में 125 रन बना सके थे। किंग्स इलेवन ने हालांकि इस सत्र के लिए उन्हें मुक्त करने का फैसला किया।

पुजारा के अनुसार वह खुद को टेस्ट बल्लेबाज की छवि से बाहर निकालना चाहते हैं।

पुजारा के अनुसार, “मैंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा एकदिवसीय मैच नहीं खेले हैं लेकिन घरेलू और इंडिया-ए स्तर पर अच्छे स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाने में कामयाब रहा हूं। आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में भी मेरे बल्ले से रन निकले हैं। यह बस समय की बात है, मुझे उम्मीद है कि मेरा मौका भी आएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493