लॉस एंजेलिस, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता तमिल फिल्म ‘काका मुत्तै’ 13वें इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ लॉस एंजेलिस (आईएफएफएलए) में दिखाई जाएगी। यह महोत्सव यहां आठ अप्रैल से 12 अप्रैल के बीच होगा।
‘काका मुत्तै’ के अलावा महोत्सव में वृत्तचित्र ‘जय हो’ भी दिखाया जाएगा, जो दो ऑस्कर जीत चुके संगीतकार ए.आर रहमान के करियर पर बना है। इसके साथ ही ‘अम्मा एंड अप्पा’ फिल्म भी दिखाई जाएगी, जो एक दक्षिण भारतीय/जर्मनी जोड़े और उनके माता-पिता पर आधारित फिल्म है।
आईएफएफएलए 2015 में 25 फिल्मों को दिखाया जाएगा, जिसमें चार वर्ल्ड प्रीमियर, सात उत्तरी अमेरिका प्रीमियर, दो अमेरिकी प्रीमियर और 10 लॉस एंजेलिस प्रीमियर शामिल हैं। दुनियाभर के छह देशों से इन फिल्मों का चुनाव किया गया है, जिनमें भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और क्यूबा शामिल हैं। ये फिल्में हिंदी, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश और जर्मन सहित सात भाषाओं में हैं।
आईएफएफएलए समारोह की कलात्मक निदेशक जैशमीन जयसिंघानी ने आईएएनएस को बताया, “इस साल आईएफएफएलए में ज्यादातर फिल्में विभिन्न पृष्ठभूमियों के समकालीन युवाओं को ध्यान में रखकर चुनी गई है। इनमें युवाओं की ऊर्जा को दर्शाया गया है।”
इस साल महोत्सव में हिंदी फिल्म ‘ताल’ के साथ लोकप्रिय ‘बॉलीवुड बाय नाइट’ श्रृंखला की वापसी हो रही है।
dharmpath.com dharmpath