काठमांडू, 12 मार्च (आईएएनएस)। नेपाल के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (टीआईए) पर सोमवार को यूएस-बांग्ला एयरलाइंस का एक विमान लैंडिंग करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 67 यात्रियों सहित 71 लोग सवार थे।
टीआईए के प्रवक्ता प्रेम नाथ ठाकुर ने कहा कि 78 सीटों वाले बॉम्बार्डियर डैश 8 विमान का दोपहर 2.20 बजे लैंडिंग के दौरान संतुलन बिगड़ गया। विमान हवाईअड्डे के पास स्थित एक फुटबॉल मैदान पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई।
दुर्घटनास्थल पर विमान से निकलने वाला काला धुआं छा गया। प्रशासन ने हवाईअड्डे को तुरंत बंद करने का आदेश दिया।
पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त सचिव सुरेश आचार्य ने बताया कि 25 घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निदेशक संजीव गौतम ने कहा कि रनवे पर उतरने के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया।
गौतम के अनुसार, “विमान को कोटेश्वर पर उड़ान के दौरान हवाईअड्डे के दक्षिणी हिस्से में उतरने की इजाजत दी गई थी लेकिन यह उत्तर की ओर से उतरा।”
उन्होंने कहा, “हमें अभी इस असामान्य लैंडिंग के कारणों की जानकारी नहीं है।”
‘माई रिपब्लिका’ की रिपोर्ट के अनुसार, घटना की तस्वीरों व वीडियो में हवाईअड्डे के रनवे पर अत्यधिक धुआं उठता नजर आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान रनवे पर मुड़ने के दौरान हादसे का शिकार हो गया।
त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे की सभी उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath