काठमांडू हवाईअड्डा बंद, भारत से उड़ानें रद्द (लीड-1)

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में शनिवार पूर्वाह्न् 11.41 बजे आए तेज भूकंप के बाद काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा बंद कर दिया गया है। परिणामस्वरूप भारत से काठमांडू जाने वाली सभी आठ उड़ानें रद्द कर दी गईं।

अधिकारियों के मुताबिक, नेपाल के लिए 11.30 बजे नई दिल्ली से उड़ान भर चुकी इंडिगो की एक उड़ान को वापस बुला लिया गया। दो अन्य उड़ानों को रद्द कर दिया गया। नेपाली विमानन कंपनी बुद्धा एयर की वाराणसी जाने वाली उड़ान भी रद्द की गई आठ उड़ानों में शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि एयर अरबिया की शारजाह से काठमांडू जाने वाली उड़ान का मार्ग बदलकर उसे राजधानी दिल्ली में उतारा गया। इंडिगो की एक उड़ान को काठमांडू से वापस बुला लिया गया और जेट एयरवेज एवं एयर इंडिया की रवानगी रद्द कर दी गई।

विमानन कंपनी स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, “काठमांडू जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ानों को भूकंप के प्रभाव और कांठमांडू हवाईअड्डे की तैयारी के बारे मेंअगली सूचना मिलने तक रोककर रखा गया है।”

जेट एयरवेज ने कहा, “काठमांडू हवाईअड्डे पर संचालन बंद होने के कारण काठमांडू जाने वाली और वहां से प्रस्थान करने वाली उड़ानें आज के लिए रद्द कर दी गई हैं।”

भारत से वापस काठमांडू रवाना होने वाली आठ उड़ानों में से पांच नई दिल्ली से और एक-एक मुंबई, कोलकाता और वाराणसी से थीं।

नेपाल का मुख्य हवाईअड्डा भूकंप में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.9 आंकी गई है।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्री हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि एक बार स्थिति का आकलन हो जाने के बाद विमानों की समय सारणी में संशोधन किया जाएगा।

एक अधिकारी ने बताया, “हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493