काबुल, 28 मार्च (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के संसद भवन के पास सोमवार को एक रॉकेट फटा।
‘खामा प्रेस’ की रपट के अनुसार, यह विस्फोट उस समय हुआ, जब वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी एक बैठक के लिए संसद भवन की ओर जा रहे थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, एक सुरक्षा सूत्र ने बताया, “नए संसद भवन के पास सुबह 10.15 बजे कोई तीन रॉकेट गिरे। एक रॉकेट इमारत परिसर में गिरा, जिससे वहां धुआं फैल गया।”
एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि रॉकेट हमले के कारण संसद भवन में एक छेद हो गया और इमारत की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
सुरक्षा सूत्र ने आगे कहा, “हम अभी हताहतों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं दे सकते, लेकिन शुरुआती जांच के अनुसार इस हमले में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है।”
सूत्र ने आगे कहा कि इस हमले के संदर्भ में जांच के बाद ही कोई विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
जिस वक्त हमला हुआ, संसद के निचले सदन वोलेसी जिरगा के सदस्य एक बैठक कर रहे थे।
अमेरिकी नेतृत्व वाले उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के अफगानिस्तान से हटने के बाद पिछले दो साल से देश में आतंकवाद बढ़ गया है।
फिलहाल किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
dharmpath.com dharmpath