काबुल में 4 आतंकवादी मार गिराए

काबुल, 27 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक गेस्टहाउस में घुसने के कोशिश कर रहे चार आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, हमला मंगलवार रात तब शुरू हुआ, जब चार आतंकवादियों ने मध्य काबुल के भारी सुरक्षा वाले वजीर अकबर खान जिले में एक गेस्ट हाउस और एक करीबी होटल पर कब्जा करने की कोशिश की।

इसके बाद, सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच कई घंटे तक मुठभेड़ चली।

उप आंतरिक सुरक्षा मंत्री जनरल अयूब सालांगी ने ट्विटर पर लिखा, “वजीर अकबर खान में एक हमले में चार हमलावर मारे गए। एक रॉकेट चालित ग्रेनेड, तीन एके-47 और एक रॉकेट लॉन्चर बरामद किया गया। हमले में कोई नागरिक या सैनिक हताहत नहीं हुआ है।”

हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन तालिबान ने ली है।

अफगानिस्तान के आंतरिक मंत्रालय ने ‘बीबीसी’ को बताया कि आतंकवादियों का निशाना हीतन गेस्ट हाउस था, जिसे अब आधिकारिक तौर पर रब्बानी गेस्ट हाउस के नाम से जाना जाता है। तालिबान ने 2009 में भी इस गेस्ट हाउस पर हमला किया था।

इसका मालिक रब्बानी परिवार है। रब्बानी परिवार में अफगानिस्तान के वर्तमान विदेश मंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी और पूर्व राष्ट्रपति बुराहाउद्दीन रब्बानी शामिल हैं। यह गेस्ट हाउस विदेशियों के बीच खासा लोकप्रिय है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493