काबुल, 4 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी के मुख्य व्यवसायिक स्थल पर स्थित एक शॉपिंग मॉल में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में सात अन्य जख्मी हुए हैं।
समाचार पत्र ‘खामा प्रेस’ के मुताबिक, जादरान बाजार में सुबह 11 बजे के आसपास आग लगी। यह काबुल के पश्चिम में स्थित प्रमुख वाणिज्यिक स्थलों में से है।
खामा प्रेस के अनुसार, शॉपिंग सेंटर की ऊपरी दो मंजिलों पर आग लगी।
टोलो न्यूज वेब पोर्टल के मुताबिक, घायलों में अग्निशमन दल के छह अधिकारी शामिल हैं, जबकि एक दुकानदार की आठवीं मंजिल से कूदने के चलते मौत हो गई।
काबुल पुलिस प्रमुख अब्दुल रहमान रहीमी के अनुसार, आग 10 मंजिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर दर्जी की दुकान से लगनी शुरू हुई।
दुकानदारों ने बताया कि उनका लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है।
दुकानदारों ने बताया, “यहां 1200 दुकानें हैं, जिनमें ज्यादातर कपड़ों की दुकाने हैं।”
dharmpath.com dharmpath