वॉशिंगटन, 3 जून (आईएएनएस)। अमेरिका में नियुक्त पाकिस्तान के राजदूत अजीज चौधरी ने दावा किया है कि आतंकवादी संगठन हक्कानी नेटवर्क अफगानिस्तान में पैठ बना चुका है और काबुल में बुधवार को हुए भीषण हमले में इसी संगठन का हाथ है।
पाकिस्तानी राजदूत ने कहा कि अफगानिस्तान को इस हमले के लिए पाकिस्तान को दोषी ठहराने के बजाय आतंकवादियों से निपटने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
समाचार पत्र ‘वाशिंगटन टाइम्स’ को दिए एक साक्षात्कार में अजीज चौधरी ने काबुल के उस दावे को खारिज किया है, जिसमें कहा जा रहा है कि काबुल हमले के पीछे पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन का हाथ है, जिसमें 100 लोग मारे गए और 400 से अधिक घायल हुए।
पाकिस्तानी राजदूत ने अफगानिस्तान के आरोपों को निराधार करार देते हुए खारिज कर दिया।
अफगानिस्तान के खुफिया अधिकारियों का कहना है कि हक्कानी नेटवर्क के एक आत्मघाती हमलावर ने बुधवार को जर्मनी के दूतावास के पास काबुल के राजनयिक इलाके में विस्फोटकों से लदे सीवेज टैंकर में विस्फोट कर दिया था।
अफगानिस्तान की खुफिया एजेंसी ‘नेशनल डायरेक्टोरेट ऑफ सिक्योरिटी’ ने दावा किया है कि हक्कानी नेटवर्क को पाकिस्तान का समर्थन हासिल है और यह आतंकवादी संगठन अभी भी संघीय प्रशासनिक कबायली इलाके (एफएटीए) में सक्रिय है।
चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान ने उत्तरी वजीरिस्तान और अन्य कबायली इलाकों में आतंकवाद के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान छेड़ा हुआ है और उन इलाकों से सारे आतंकवादी संगठनों को खदेड़ा जा चुका है।
चौधरी ने कहा, “जहां तक हमें पता है कि हक्कानी नेटवर्क भागा-भागा फिर रहा है। वे अफगानिस्तान में घुस चुके हैं और उन पर वहीं लगाम लगाए जाने की जरूरत है।”
dharmpath.com dharmpath