कार्डिफ टेस्ट : आस्ट्रेलिया का सधा जवाब, अभी भी 166 रन पीछे (लीड-1)

कार्डिफ, 9 जुलाई (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया ने सधे अंदाज में जवाब देते हुए सोफिया गार्डन्स मैदान पर जारी पहले एशेज टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार को इंग्लैंड की पहली पारी में 430 रनों के जवाब में पांच विकेट खोकर 264 रन बना लिए हैं।

पहली पारी के आधार पर आस्ट्रेलिया अभी भी 166 रन पीछे है। दिन का खेल खत्म होने तक शेन वाटसन 29 और नेथन लॉयन छह रन बनाकर नाबाद लौटे।

इंग्लैंड की पहली पारी 430 रनों पर समेटने के बाद आस्ट्रेलिया को क्रिस रोजर्स (95) और डेविड वार्नर (17) ने सधी शुरुआत दिलाई। वार्नर हालांकि लय में नजर नहीं आ रहे थे।

42 गेंदें खेलकर वार्नर जेम्स एंडरसन की गेंद एल्सिटर कुक को थमा बैठे।

रोजर्स ने इसके बाद स्टीव स्मिथ (33) के साथ दूसरे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी कर टीम संभाल लिया। स्मिथ भी हालांकि जमती सी लग रही इस साझेदारी को और आगे नहीं बढ़ा सके और मोइन अली का शिकार हो दूसरे विकेट के रूप में पवेलियन लौटे।

भोजनकाल से कुछ ही पहले पारी की शुरुआत करने वाली आस्ट्रेलियाई टीम के चायकाल तक यही दो विकेट गिरे।

अंतिम सत्र में भी आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को कोई परेशानी होती नजर नहीं आई, हालांकि अपनी साझेदारियों को वे बड़ा नहीं कर पाए।

कप्तान माइकल क्लार्क (38) भी अली की गेंद पर उन्हीं को कैच थमा बैठे। इससे पहले रोजर्स मात्र पांच रन से शतक से चूक गए। रोजर्स ने हालांकि सलामी बल्लेबाज के रूप में लगातार सात पारियों में अर्धशतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड बना डाला। किसी क्रम के बल्लेबाज के तौर पर ऐसा करने वाले वह दुनिया के पांचवें बल्लेबाज रहे।

रोजर्स का विकेट मार्क वुड ने लिया। 133 गेंद पर 11 चौके और एक छक्का लगाने के बाद रोजर्स विकेट के पीछे लपके गए।

दिन का आखिरी विकेट एडम वोग्स (31) के रूप में गिरा। वोग्स को बेन स्टोक्स ने एंडरसन के हाथों लपकवाया।

इससे पहले, इंग्लिश टीम ने पहली पारी में 102.1 ओवरों का सामना किया और 4.20 के औसत से रन बटोरते हुए 430 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए जोए रूट ने सबसे अधिक 134 रन बनाए।

इसके अलावा गैरी बैलेंस ने 61, बेन स्टोक्स ने 52 और मोइन अली ने 77 रनों की शानदार पारी खेली।

इंग्लैंड ने मैच के पहले दिन बुधवार को स्टम्प्स तक सात विकेट के नुकसान पर 343 रन बनाए थे। अली 26 और स्टुअर्ट ब्रॉड शून्य पर नाबाद लौटे थे।

अली ने 88 गेंदों का सामना कर 11 चौके और एक छक्का लगाया। ब्राड ने 26 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाए। मार्क वुड सात रनों पर नाबाद रहे। जेम्स एंडरसन एक रन पर बोल्ड हुए।

आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्टार्क ने 114 रन देकर पांच विकेट लिए। जोस हाजलेवुड को तीन सफलता मिली जबकि नेथन लॉयन ने दो विकेट लिए। स्टार्क ने तीसरी बार पारी में पांच विकेट लिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493